जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ कस्बे में एक 64 साल का व्यापारी और उसकी 30 वर्ष छोटी पुत्रवधु डेढ़ वर्ष तक एक दूसरे के साथ अवैध संबंध बनाते रहे। मर्यादाओं को तार-तार करती करतूत एक दिन बेटे ने देख ली तो पिता ने बहु के साथ मिलकर बेटे का कत्ल कर डाला। चार दिन पहले व्यापारी विक्रम यादव (31) की हत्या के इस शर्मनाक घटनाक्रम बुधवार को पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया है। आरोपी पिता बलवंत सिंह यादव (64) और मृतक की पत्नी पूजा यादव (29) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भिवाड़ी एएसपी (मुख्यालय) विपिन शर्मा ने बताया कि बहरोड़ के वार्ड नंबर 33 के पटेल नगर निवासी व्यापारी विक्रम यादव की मौत हो गई थी। परिजन अंतिम संस्कार करने वाले थे, लेकिन हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। घटना को लेकर मृतक के पिता बलवंत सिंह यादव पुत्र हरिराम यादव ने अज्ञात लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। अनुसंधान में सामने आया कि विक्रम ने शनिवार रात दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। वह गुस्से में बिफर पड़ा तो पिता और पत्नी ने मिलकर रस्सी से गला घोंट विक्रम की हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट व रस्सी के निशान से खुलासा
बलवंत ने पुलिस को दी रिपोर्ट में कहा था कि रविवार सुबह सैर पर जाने से पहले बेटे से बात हुई थी। घर लौटा तो बेटा कमरे में लहुलुहान मिला। उसे अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई। उसने अज्ञात हमलावरों पर व्यापारी बेटे विक्रम की हत्या की आशंका जताई थी। मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि विक्रम की मौत बताए समय से करीब 10 घंटे पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद शक की सुईं घर वालों पर आ टिकी। पुलिस ने बलवंत से कड़ाई से पूछताछ की। इसमें आरोपी ने राज उगल दिया। पुलिस को बताया कि छोटे बेटे विक्रम की पत्नी से डेढ़ साल से अवैध संबंध बने हुए थे। शनिवार रात विक्रम ने पिता व पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। वह गुस्से से बिफर पड़ा। झगड़ा करने लगा। बलवंत ने धक्का मार उसे गिरा दिया। सिर में चोट लगने से विक्रम लहुलुहान हो गया तो बलवंत ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। फिर शव चुन्नी का फंदा बनाकर पंखे से लटका दिया। घरवालों को मामला आत्महत्या का बताने लगा। अस्पताल ले गया, जहां सिर में चोट की बात आई तो बाथरूम में गिरने की बात कहने लगा। शव घर पहुंचते ही आनन-फानन में अंत्येष्टि करने की तैयारी कर ली। पुलिस पहुंची तो एक बार फिर कहानी बदली। अज्ञात लोगों द्वारा हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी। मगर उसे इन चालाकियों ने ही शक के दायरे में ला दिया।
पत्नी की मौत के बाद से थे बहु से शारीरिक संबंध
डीएसपी राव आनंद ने बताया कि बलवंत यादव व बेटे विक्रम की हाई सेकेंडरी स्कूल के सामने यादव बुक डिपो के नाम से दुकान है। बलवंत की पत्नी का डेढ़ साल पहले कैंसर से निधन हो गया। इसके बाद उसने बेटे की पत्नी पूजा से संबंध बना लिए। विक्रम को दुकान पर छोड़ खुद घर चला जाता। इससे विक्रम को शक होने लगा। वह शराब भी पीने लगा था। विक्रम पिता की बहुत इज्जत करता था। परिजनों ने बताया कि विक्रम पिता बात को कभी नहीं टालता था। बाजार में सबसे पहले दुकान खोलता व सबसे आखिर में बंद करता था। विक्रम ने वाट्सएप नम्बर पर भी पिता की डीपी लगा रखी थी। पिता ने उसी बेटे का कत्ल कर डाला।
बेटा पिता को बेइंतहा प्यार करता था, कत्ल कर पिता हंसता रहा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बलवंत यादव व उसकी पुत्रवधू पूजा को मीडिया के सामने लाई। यहां बलवंत बिना किसी शर्म सीना ताने बैठा रहा। लॉकअप में ले जाते वक्त मुस्कुराता रहा। उसकी हरकत पर वहां मौजूद लोगों ने बेशर्म हंसी पर जमकर भला-बुरा भी कहा। आरोपी बलवंत मूलत: हरियाणा के नारनौल के गांव सेका मंढाणा का रहने वाला है। करीब 30 साल से बहरोड़ में रह रहा है। वह फर्राटेदार अंग्रेजी बोल कर व्यापार मंडल का स्वयंभू अध्यक्ष भी बन गया। अंग्रेजी बोलने से पुलिस, नेता व प्रशासन के अफसरों पर भी उसका बढ़िया प्रभाव था। अक्सर दफ्तरों के नजर आता था। लोगों ने बताया कि रविवार को सुबह बलवंत बड़ा खुश था। जिनसे कभी बातें नहीं करता उनसे भी बातें करता नजर आया।
8 साल का मासूम हुआ बेसहारा
पिता की मौत, मां और दादा की गिरफ्तारी के बाद मृतक विक्रम का 8 साल का बेटा बेसहारा हो गया है। फिलहाल उसे मामा अपने साथ हरियाणा ले गए। मासूम पिता की मौत के बाद हर रोज शाम को पिता का इंतजार करता था। अब वो नहीं आएंगे। खाने को बुलाने वाली मां जेल चली गई। यह देख लोग मासूम की बदकिस्मती पर दुखी होते रहे।
Also Read :
- Hit and Run: सड़क हादसे में मौत पर परिजन को दिए जाने वाला मुआवजा आठ गुना बढ़ा
- Man Ki Baat | पीएम माेदी ने युवाओं से भारतीय भाषाओं में लाेकप्रिय वीडियाे बनाने की अपील की
- मुस्लिम युवकों का गाय के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाते वीडियो हुआ वायरल, चार के खिलाफ मामला दर्ज
- Morpankhi Plant in Hindi : घर में यह पौधा लगाया तो होगी पैसों की बरसात, चारों ओर से खींचकर आएगा पैसा
- BYJU’S : कंपनी के फाउंडर रवींद्रन के खिलाफ FIR दर्ज, जल्द हो सकती है गिरफ्तारी
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. NewsPost.in पर विस्तार से पढ़ें देश की अन्य ताजा-तरीन खबरें

